मुकेश प्रजापति, भैरूंदा : भैरूंदा में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए 10 दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की, जिसमें 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
होटलों और ढाबों का निरीक्षण
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बस स्टैंड और सीहोर नाका क्षेत्र स्थित होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग पाया गया, जो नियमों के खिलाफ है।
नियमों के तहत हुई कार्रवाई
सहायक आपूर्ति अधिकारी प्रकाश यादव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में साहू ज्योति रेस्टोरेंट, राठौर रेस्टोरेंट, देवलाल ढाबा, दरबार रेस्टोरेंट और अन्य भोजनालयों में घरेलू सिलेंडर का उपयोग पाया गया। सभी के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश 2000 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
जिले में गैस की उपलब्धता पर्याप्त
जिला आपूर्ति अधिकारी रेशमा भामोर ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है।
ग्रामीण क्षेत्रों, बढ़ी परेशानी
हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सप्लाई बाधित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों को सिलेंडर लेने के लिए भैरूंदा एजेंसी तक आना पड़ रहा है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।