मैहर : मध्य प्रदेश के मैहर में सड़क हादसे का शिकार होने के चलते पिता -पुत्र की मौत हो गई। जबकि एक्सीडेंट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मैहर जिले के नादन-देहात थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुआ। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई शुरू की।
आकाश कुशवाहा की मौके पर मौत
बताया जा रहा है कि राजकिशोर कुशवाहा (50 वर्ष) अपने पुत्र आकाश कुशवाहा (19 वर्ष) और रिश्तेदार अरविंद कुशवाहा (19 वर्ष) के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे. तीनों अमरपाटन की ओर से मैहर होते हुए अपने घर जा रहे थे। तभी नादन थाना क्षेत्र के भेड़ा मोड़ के पास एक तेज रफ़्तार स्लीपर बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिसकी वजह से आकाश कुशवाहा की मौके पर मौत हो गई। जबकि पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बस की रफ्तार थी तेज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी. टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. बाइक चला रहे आकाश कुशवाहा को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल राजकिशोर कुशवाहा और अरविंद कुशवाहा को स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से तत्काल सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया। लेकिन राजकिशोर कुशवाहा की जान नहीं बच सकी। अरविंद कुशवाहा का इलाज अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने बस को कब्जे में लिया
फ़िलहाल पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। इधर, हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।