Singer Nitin Dubey : नए साल की शुरुआत छत्तीसगढ़ी संगीत प्रेमियों के लिए खास बन गई है। लोकप्रिय गायक, अभिनेता और संगीतकार नितिन दुबे एक बार फिर अपने नए गीत के साथ दर्शकों के बीच लौटे हैं। मेलोडी किंग के नाम से पहचाने जाने वाले नितिन दुबे और जानी-मानी गायिका एवं अभिनेत्री शर्मिला विश्वास की जोड़ी का नया छत्तीसगढ़ी गीत “तुमा के चानी” रिलीज़ होते ही वायरल हो गया है।
यह गीत 7 जनवरी 2026 को नितिन दुबे के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया, जहां इसे श्रोताओं और दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। गीत में नितिन दुबे और शर्मिला विश्वास ने न सिर्फ आवाज़ दी है, बल्कि अभिनय के जरिए भी कहानी को जीवंत बनाया है। गीत के बोल बुधराज चौहान ने लिखे हैं, जबकि संगीत की ज़िम्मेदारी खुद नितिन दुबे ने संभाली है। एल्बम का निर्देशन राम यादव ने किया है और सिनेमैटोग्राफी अभिजीत भारती ने की है।
नए गीत का रहता है बेसब्री से इंतज़ार
नितिन दुबे का नाम छत्तीसगढ़ी संगीत में भरोसे की पहचान बन चुका है। ऑडियो कैसेट के दौर से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक, उन्होंने लगातार सुपरहिट गीत दिए हैं। यही वजह है कि हर नए साल में उनके नए गाने का इंतज़ार दर्शक उत्सुकता से करते हैं। नितिन दुबे छत्तीसगढ़ के सबसे ज्यादा सब्सक्राइब किए जाने वाले सिंगर्स में शामिल हैं और अमेरिका से गोल्डन प्ले बटन अवॉर्ड पाने वाले पहले सीजी सिंगर भी हैं।
शर्मिला विश्वास की बहुमुखी प्रतिभा
“तुमा के चानी” में शर्मिला विश्वास ने एक बार फिर अपनी बहुआयामी कला का प्रदर्शन किया है। गायन और अभिनय के साथ-साथ उन्होंने इस एल्बम के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन भी खुद तैयार किया है। इससे पहले भी वे कई सुपरहिट गीतों में अपने अनोखे लुक और स्टाइल के लिए सराही जा चुकी हैं। इस नए गीत में भी उनका नया अंदाज़ दर्शकों को खूब भा रहा है।
रिलीज़ के साथ ही “तुमा के चानी” इंस्टाग्राम पर ट्रेंड करने लगा है और यूट्यूब पर तेजी से व्यूज़ बटोर रहा है। यह गीत अब यूट्यूब के साथ-साथ सभी प्रमुख ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध है।