पुरी। भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के दौरान गुरुवार को पुरी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रैंड रोड पर अचानक बढ़े भीड़ के दबाव के कारण कई लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस हादसे में दो श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है।
रथ दर्शन के दौरान बढ़ा भीड़ का दबाव
हादसा उस समय हुआ जब हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन और रथ खींचने के लिए बड़ी संख्या में ग्रैंड रोड पर मौजूद थे। अचानक भीड़ का दबाव बढ़ने से लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कई श्रद्धालु जमीन पर गिर गए।
घायल श्रद्धालुओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से पुरी जिला अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो श्रद्धालु को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कई अन्य घायलों का इलाज जारी है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो
घटना के बाद कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें ग्रैंड रोड पर बेकाबू भीड़, लोगों के बीच अफरा-तफरी और सड़क पर बिखरा सामान दिखाई दे रहा है। वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन ने शुरू की जांच
हादसे के बाद प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों की अंतिम संख्या और हादसे की विस्तृत रिपोर्ट आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।