देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में पकड़ लिया। इस कार्रवाई में उसके एक साथी धीरज के भी घायल होने की खबर है।
पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग करने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत को अलीराजपुर से गिरफ्तार किया था। उसे पुलिस टीम खातेगांव लेकर आ रही थी। इसी दौरान बरोठा थाना क्षेत्र में पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग करने की कोशिश की।
आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पहले देवास अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए इंदौर के अरविंदो अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दोनों का अस्पताल में उपचार जारी
वहीं, मामले में आरोपी के साथी धीरज के भी पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।