Chhindwara Bus Accident : छिंदवाड़ा में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शनिवार सुबह छिंदवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
पीड़ित परिवारों के साथ कांग्रेस
इस दौरान पटवारी ने ग्राम रंगारी में पूर्व विधायक विठ्ठलराव महाले के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी, वहीं मोहखेड़ ब्लॉक के ग्राम झीरिया में मधुकर वानखेड़े के परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने इस दुखद घटना को बेहद पीड़ादायक बताते हुए कहा कि इस कठिन समय में कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
हादसा नही लापरवाही
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि शासन की लापरवाही का परिणाम है। पटवारी ने कहा कि ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और सरकार को आत्ममंथन करना चाहिए। इतना ही नहीं जीतू पटवारी ने कहा की मुख्यमंत्री को शर्म आना चाहिए, यह सरकारी हत्याएं करवाई है।
1 करोड़ मुआवजे की मांग
जीतू पटवारी ने मृतकों के परिजनों के लिए एक करोड़ रुपए मुआवजे की मांग उठाई। उनका कहना है कि सरकार को पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करनी चाहिए, ताकि वे इस कठिन समय से उबर सकें। बता दें कि यह हादसा उस समय हुआ, जब लोग मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रहे थे। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और अब इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।