Jitu Patwari: मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन की बदहाली और किसानों की ब्याज मुक्ति की मांग को लेकर कांग्रेस अब आक्रामक मोड में आ गई है। राजधानी भोपाल में पिछले 24 घंटे से उपवास पर बैठे सेवादल कार्यकर्ताओं का अनशन तुड़वाने आज पीसीसी चीफ जीतू पटवारी पहुंचे। उन्होंने सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव और अन्य कार्यकर्ताओं को जूस पिलाकर उपवास खत्म कराया और सरकार के खिलाफ तीखे तेवर दिखाए।
भ्रष्टाचार के कैंसर से हो रही प्रदेश की पहचान
मीडिया से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीदी में जानबूझकर एक महीने की देरी की गई, ताकि किसान मजबूरी में अपना अनाज कम दामों पर व्यापारियों को बेच दें। पटवारी ने कहा, मध्य प्रदेश की पहचान अब भ्रष्टाचार के कैंसर से होने लगी है। सरकार गेहूं उपार्जन में बड़ा घोटाला कर रही है और प्रदेश का किसान संकट में है।
सरकार को 8 दिन का अल्टीमेटम
जीतू पटवारी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 8 दिनों के भीतर व्यवस्था नहीं सुधरी और मोदी की गारंटी (2700 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं) पूरी नहीं हुई, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी। सबसे पहले बॉम्बे-आग्रा रोड जाम किया जाएगा, जिसके बाद हर जिले में नेशनल हाईवे पर चक्काजाम होगा। इतना ही नही कांग्रेस कार्यकर्ता कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बंगले के सामने उपवास पर बैठेंगे। पटवारी ने पूछा कि कोटा बढ़ाने के लिए केंद्र से पहले ही मांग क्यों नहीं की गई?
पटवारी ने साधा निशाना
महिला आरक्षण के मुद्दे पर पटवारी ने कहा कि इसकी बात हमेशा कांग्रेस ने की है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी जनता को गुमराह कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के रिश्तेदार और रसूखदार लोग रोजाना अधिकारियों के साथ बदसलूकी कर रहे हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है।