रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार अब राजधानी रायपुर के बाद दुर्ग और बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रही है। उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने इस संबंध में बड़ा बयान देते हुए कहा कि रायपुर में कमिश्नरेट व्यवस्था बेहतर तरीके से काम कर रही है, इसलिए इसका विस्तार अन्य बड़े शहरों में भी किया जाएगा। रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान विजय शर्मा ने कहा कि दुर्ग और बिलासपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में आधुनिक पुलिस व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है। उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने से कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी।
धरमलाल कौशिक मोबाइल लूट केस का किया जिक्र
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने रायपुर पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए हाल ही में हुए धरमलाल कौशिक मोबाइल लूट मामले का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर मोबाइल बरामद कर कार्रवाई की, जो पुलिस की तत्परता और बेहतर व्यवस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इसी तरह की प्रभावी पुलिसिंग अब दुर्ग और बिलासपुर में भी देखने को मिलेगी। सरकार जल्द इस दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू करेगी।
झीरम हमले को लेकर भूपेश बघेल पर साधा निशाना
नक्सलवाद और झीरम घाटी हमले को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत भी गर्म हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि झीरम हमले के सबूत पहले सामने लाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार पांच वर्षों तक सत्ता में रही, लेकिन अपनी ही पार्टी के नेताओं को न्याय नहीं दिला सकी। विजय शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि यदि सबूत मौजूद हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
प्रदेश में मजबूत होगी कानून व्यवस्था
सरकार का मानना है कि कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने से पुलिस को अधिक प्रशासनिक अधिकार मिलेंगे, जिससे बड़े शहरों में अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा। रायपुर में इसके सकारात्मक परिणाम देखने के बाद अब सरकार दुर्ग और बिलासपुर में भी इसी मॉडल को लागू करने की तैयारी में है।