पन्ना : पन्ना की धरती ने एक बार फिर एक आदिवासी परिवार की किस्मत चमक दी है। यहां खोदाई के दौरान 11.19 कैरेट का हीरा मिला है। जिसकी कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। यह हीरा अहिरगुआं कैम्प निवासी राकेश आदिवासी को मिला है। जबकि दो साल पहले राकेश के पिता चुनवादा अदिबासी को 19.22 कैरेट का बड़ा हीरा मिला था।
जेम्स क्वालिटी का मिला हीरा
राकेश ने हीरे को कार्यालय में जमा करवा दिया है। नीलामी के बाद हीरे के पैसे राकेश को दिए जायेंगे। बताया जा रहा है कि राकेश गौड़ आदिवासी ने अप्रैल माह में निजी भूमि का पट्टा लेकर अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ हीरा खदान लगाई थी। करीब दो महीने की लगातार मेहनत के बाद सोमवार को 11.19 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा मिला।
परिवार में खुशी की लहर
धरती माता की इस देन को लेकर परिवार में खुशी की लहर है। वही इस पूरे मामले को लेकर राकेश आदिवासी का कहना है कि इस हीरे से मिलने वाली राशि का बड़ा हिस्सा फिर नई खदान लगाने में लगाया जाएगा, क्योंकि पन्ना की मिट्टी पर उनका भरोसा आज भी कायम है।
पन्ना में खूब लोग आजमाते हैं किस्मत
पन्ना में बहुत लोग अपनी किस्मत आजमाने के लिए हीरा कार्यालय से खदान का पट्टा हासिल लीज पर लेते हैं. फिर वह खदान का काम शुरू कर देते हैं. कई लोगों की इससे किस्मत चमक जाती है, लेकिन कई लोगों को मायूसी हाथ लगती है.