रायपुर। लंबे समय से रुला रहे प्याज और बीते साल महंगाई का झटका देने वाले आलू ने अब आम जनता को राहत दी है। पांच साल बाद पहली बार प्याज और आलू के दाम चिल्हर बाजार में 20 रुपए प्रति किलो तक गिर गए हैं, जिससे सब्जी बाजार में खरीदारी बढ़ गई है और आम आदमी की थाली थोड़ी सस्ती हो गई है।
महंगाई से राहत की बड़ी खबर:
प्याज, जो अक्सर आंसू निकलवाता था, अब राहत देने लगा है। थोक बाजार में प्याज की कीमतें 8 से 14 रुपए प्रति किलो तक आ चुकी हैं, जबकि आलू 15 से 17 रुपए किलो बिक रहा है। ऐसे में खुदरा बाजार में दोनों की कीमतें लगभग 20 रुपए प्रति किलो पर आ गई हैं।
बीते साल आलू ने किया था परेशान:
पिछले साल आलू की कीमतें अचानक 50 से 60 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई थीं। इसका मुख्य कारण पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा दो बार लगाया गया निर्यात प्रतिबंध था। बंगाल सरकार ने राज्य के आलू उत्पादकों को बाहर बिक्री की अनुमति नहीं दी, जिससे देश के कई हिस्सों में इसकी किल्लत हो गई और दाम आसमान छूने लगे।
अब बंगाल और उत्तर प्रदेश से हो रही भरपूर सप्लाई:
इस साल हालात बदले हैं। बंगाल में नई फसल की आवक शुरू हो चुकी है, और साथ ही उत्तर प्रदेश से भी आलू की आपूर्ति बढ़ गई है। इससे आलू की कीमतें अब काबू में हैं। रायपुर सहित प्रदेश की तमाम मंडियों में भरपूर स्टॉक देखने को मिल रहा है।
प्याज भी दे रहा राहत:
प्याज के दाम भी इसी तरह राहत दे रहे हैं। पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में प्याज 80 से 100 रुपए प्रति किलो तक बिक चुका था, लेकिन इस बार अप्रैल-मई में लोकल फसल की आवक और महाराष्ट्र से बढ़ती सप्लाई के चलते प्याज के दाम बहुत नीचे आ गए हैं।