MP BJP Office : भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने के बाद मध्यप्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। नितिन नबीन के भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की घोषणा होते ही प्रदेश भाजपा कार्यालय परिसर में जश्न शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, मिठाइयाँ बांटी और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी जाहिर की। इस दौरान कई भाजपा नेता भी प्रदेश कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ उत्सव में शामिल हुए।
नबीन की ताजपोशी
मंगलवार, 20 जनवरी 2026, को नितिन नबीन को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति को संगठन में बड़े बदलाव और नई पीढ़ी को आगे लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। खासतौर पर पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों से पहले इसे रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले पार्टी की कमान जगत प्रकाश नड्डा के हाथों में थी।
नितिन मेरे बॉस : पीएम मोदी
नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में संगठनात्मक एकता और कार्यकर्ता संस्कृति पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं को पार्टी का कार्यकर्ता मानते हैं और नितिन नबीन अब सभी के अध्यक्ष हैं। वे मेरे बॉस है। पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ता होना अपना सबसे बड़ा गर्व बताया और संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने का संदेश दिया।