महाराष्ट्र के नासिक जिले के दिंडोरी तालुका से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। देर रात एक मारुति XL6 कार अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे बने गहरे पानी से भरे कुएं में गिर गई। इस हादसे में कार में सवार सभी 9 लोगों की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
कार्यक्रम से लौटते वक्त हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि दिंडोरी के इंदौर गांव का दरगुडे परिवार किसी कार्यक्रम में शामिल होकर घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे कुएं में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
6 बच्चों समेत पूरा परिवार खत्म
इस हादसे में मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के थे। मृतकों में 6 छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें एक 7 साल की बच्ची भी बताई जा रही है। सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और बेटी सहित कुल 9 लोगों की मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
राहत-बचाव में जुटीं टीमें, रातभर चला ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ को भी बुलाया गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और काफी मशक्कत के बाद कुएं से कार और सभी शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सटीक कारण सामने आएंगे।