Vishwas Sarang: मध्य प्रदेश में UCC को लेकर छिड़ी सियासी बहस के बीच कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर हमला बोला है। सारंग ने कहा कि देश की एकता और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कानून में एकरूपता होना अनिवार्य है। मंत्री सारंग ने जोर देकर कहा कि कानून में जाति या धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। हर नागरिक के लिए एक जैसा कानून सुनहरे भविष्य का आधार बनेगा।
कांग्रेस पर निशाना
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विघटन की राजनीति की है और एक वर्ग विशेष को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। सारंग ने तंज कसा कि जब देश में एकरूपता आती है और देश आगे बढ़ता है, तो कांग्रेस को 'पेट दर्द' होने लगता है। उन्होंने साफ किया कि भाजपा सरकार कांग्रेस के पुराने 'पापों' को सुधारने का काम कर रही है।
गेहूं खरीदी पर बोले मंत्री
रबी उपार्जन वर्ष 2026 को लेकर किसानों के बीच फैले संशय पर मंत्री विश्वास सारंग ने सरकार की स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मोहन यादव सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसान के गेहूं का एक-एक दाना सरकार खरीदेगी। इसमें किसी भी किसान को परेशान होने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि विपक्ष जानबूझकर किसानों के बीच संशय पैदा करने की कोशिश कर रहा है, जबकि सरकार की तैयारियां पूरी हैं। खेती और किसान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल हैं।
सहकारिता चुनाव पर बड़ा अपडेट
भोपाल। मध्य प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए सरकार ने अपनी मंशा साफ कर दी है। सहकारिता चुनाव को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द इन चुनावों को संपन्न कराने के लिए तैयार है। सारंग ने उन अटकलों को खारिज कर दिया जिनमें चुनाव रुकने की बात कही जा रही थी। उन्होंने कहा कि चुनाव की प्रक्रिया जारी है और कहीं कोई रोक नहीं लगी है। उन्होंने कहा कि सरकार 'सहकारी आंदोलन' को नई ऊर्जा देने और इसमें पारदर्शिता लाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिल सके।