मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में INH-हरिभूमि द्वारा आयोजित ‘जिला संवाद 2026’ कार्यक्रम की शुरुआत हो चुकी है। कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं की प्रगति और स्थानीय समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच विस्तृत चर्चा की जा रही है। यह कार्यक्रम प्रदेश में सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया है, जिसमें जनता और जनप्रतिनिधियों के नजरिए से सरकार के कार्यकाल का आकलन किया जा रहा है।
प्रदेशभर में चल रही जिला संवाद की श्रृंखला:
INH-हरिभूमि की ओर से आयोजित जिला संवाद कार्यक्रम की श्रृंखला पिछले दो महीनों से पूरे छत्तीसगढ़ में जारी है। दिसंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश की जनता ने भाजपा को जनादेश दिया, जिसके परिणामस्वरूप मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार बनी। सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर हरिभूमि-INH की टीम जनता के बीच जाकर यह जानने का प्रयास कर रही है कि सरकार के कार्यों और योजनाओं को लेकर जनता की क्या राय है।
पहला सत्र हुआ संपन्न, दूसरे सत्र में राजनीतिक चर्चा:
कार्यक्रम का पहला सत्र शैलेश पांडे के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें जिले के प्रबुद्ध नागरिकों ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। इसके बाद दूसरे सत्र में मुंगेली की राजनीतिक स्थिति, विकास कार्यों और क्षेत्रीय चुनौतियों को लेकर चर्चा की जा रही है। इस सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने भी अपनी बात रखी।
डॉ. हिमांशु द्विवेदी कर रहे संवाद का संचालन:
कार्यक्रम में INH-हरिभूमि के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर रहे हैं। इस दौरान जिले के विकास, प्रशासनिक कार्यों और जनता से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा की जा रही है।
कार्यक्रम में शामिल हुए कई जनप्रतिनिधि:
जिला संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य रूप से मौजूद हैं। इसके अलावा कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दलों के नेता भी शामिल हुए हैं। कार्यक्रम में शामिल प्रमुख नेताओं में विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, भाजपा नेता देव चरण भास्कर, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संजीत बेनर्जी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी, मुंगेली नगरपालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, युवक कांग्रेस प्रदेश महासचिव लक्ष्मीकांत भास्कर शामिल हैं।
विकास योजनाओं और समस्याओं पर होगी समीक्षा:
जिला संवाद कार्यक्रम के दौरान सरकार के दो साल के कार्यकाल में मुंगेली जिले में चल रही विकास योजनाओं, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की जा रही है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर मौजूद समस्याओं को लेकर भी चर्चा की जा रही है, ताकि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और समाज के बीच संवाद स्थापित कर जिले के समग्र विकास के लिए नई दिशा और सुझाव तय किए जा सकें।