Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर तेज होने लगा है। राजनांदगांव में तापमान 39.5°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। वहीं 17 मार्च को कांग्रेस विधानसभा घेराव करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर में रहेंगे व्यस्त:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनका दिनभर का कार्यक्रम इस प्रकार है, सुबह 11 बजे: विधानसभा सत्र की कार्यवाही में शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे: बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 3:30 बजे: फिर से विधानसभा सत्र की कार्यवाही में शामिल होंगे। रात 9 बजे: सतगुरु संत राजाराम साहिब जी के 66वें बरसी महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। रात 10:15 बजे वापस मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
छग में बढ़ने लगी गर्मी, कई जिलों में तापमान 38°C के पार:
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान बढ़ने लगा है, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है। दिन के समय तेज धूप और रात में हल्की ठंड का असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 38.5°C, बेमेतरा में 38.1°C, रायपुर में 38°C और बिलासपुर में 37.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो सकता है।
17 मार्च को कांग्रेस का विधानसभा घेराव:
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 17 मार्च को विधानसभा घेराव करने का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन केंद्र सरकार, राज्य सरकार और नगरीय निकायों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। विधानसभा घेराव की तैयारी के चलते आज प्रस्तावित बीजेपी कार्यालयों के घेराव का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।