Morning Breaking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रोजेक्ट सहारा कार्यक्रम, बीजेपी के सहयोग केंद्र की शुरुआत, सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना और मौसम विभाग का बारिश व आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट प्रमुख खबरों में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री साय आज प्रोजेक्ट सहारा कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुबह 11 बजे राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रोजेक्ट सहारा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरणों का वितरण करेंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री अपने निवास लौटेंगे।
आज से शुरू होगा बीजेपी का सहयोग केंद्र
भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज से 3 अगस्त से 7 अगस्त तक सहयोग केंद्र का संचालन किया जाएगा। इस केंद्र में प्रदेश सरकार के मंत्री आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देंगे। सभी मंत्री कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर में लोगों से मुलाकात करेंगे।
मंत्रियों का कार्यक्रम इस प्रकार है:
3 अगस्त: गुरु खुशवंत साहेब
4 अगस्त: श्याम बिहारी जायसवाल
5 अगस्त: गजेंद्र यादव
6 अगस्त: टंकराम वर्मा
7 अगस्त: रामविचार नेताम
सावन का पहला सोमवार, शिवालयों में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
आज सावन महीने का पहला सोमवार है, जिसे भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करने से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं तथा सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है।
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम मुंगेली, बिलासपुर में येलो अलर्ट जारी किया है।साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और आकाशीय बिजली से सतर्क रहने की अपील की है।