Maharashtra News: महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने हालिया जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 13 होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। कार्रवाई की जद में दक्षिण मुंबई का बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब और कोलाबा स्थित एक मैकडॉनल्ड्स आउटलेट भी शामिल है।FDA की यह कार्रवाई राज्य में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। मई में IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे के FDA आयुक्त का पद संभालने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर विभाग की गतिविधियां तेज हुई हैं।
89 होटल-रेस्तरां की हुई जांच
FDA के विशेष अभियान के तहत राज्यभर में कुल 89 होटल, रेस्तरां और ढाबों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 71 प्रतिष्ठानों में नियमों से जुड़ी कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि गंभीर खामियां पाए जाने पर 13 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, रसोई की साफ-सफाई, कर्मचारियों की स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई मानकों की जांच की।
रेडियो क्लब की रसोई में मिले कॉकरोच और मक्खियां
दक्षिण मुंबई स्थित बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब में 19 अगस्त को हुए निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े मानकों के करीब 47 प्रतिशत उल्लंघन पाए जाने का दावा FDA ने किया है। जांच के दौरान क्लब की रसोई में कथित तौर पर बड़ी संख्या में जिंदा मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच मिले। इसके अलावा खाद्य सामग्री को सीधे फर्श पर रखने, रसोई में रसायनों के भंडारण और खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले स्थान के ऊपर उखड़ा हुआ पेंट और प्लास्टर भी पाया गया। FDA ने लाइसेंस निलंबित रहने के दौरान क्लब को खाद्य पदार्थों की खरीद, बिक्री और वितरण रोकने का निर्देश दिया है।
मैकडॉनल्ड्स आउटलेट पर भी कार्रवाई
कोलाबा के मेट्रो हाउस में हार्डकैसल रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित मैकडॉनल्ड्स आउटलेट का FSSAI लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।FDA के मुताबिक, 19 अगस्त को किए गए दोबारा निरीक्षण में पहले जारी सुधार नोटिस में बताई गई 20 कमियों में से 18 अब भी दूर नहीं की गई थीं। जांच के दौरान तापमान नियंत्रित करने वाले उपकरणों में खामियां, कॉकरोच, गंदगी और कचरे जैसी समस्याएं सामने आने की बात कही गई। इसके अलावा कर्मचारियों द्वारा हाथों की उचित सफाई किए बिना खाने के लिए तैयार खाद्य पदार्थों को संभालने की बात भी निरीक्षण में सामने आई।
नोवारा रेस्तरां और स्टेटस पर भी कार्रवाई
मलाड स्थित नोवारा रेस्तरां का संचालन करने वाली इनजेनियस किचन्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस भी निलंबित किया गया है। FDA के अनुसार, 13 अगस्त के दोबारा निरीक्षण में पहले चिन्हित 25 गंभीर खामियों में से 14 का समाधान नहीं किया गया था। वहीं, नरीमन प्वाइंट स्थित स्टेटस रेस्तरां के खिलाफ ग्राहक की शिकायत के बाद कार्रवाई हुई। निरीक्षण में बर्तनों पर गंदे पानी के गिरने, कर्मचारियों द्वारा पर्याप्त व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल नहीं करने, गंदे बर्तन, जमा पानी और कचरे जैसी कमियां पाए जाने की बात कही गई।
खार जिमखाना का रजिस्ट्रेशन भी निलंबित
खार पश्चिम स्थित खार जिमखाना का पंजीकरण प्रमाणपत्र भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर खामियों के चलते निलंबित किया गया है। FDA की जांच में खाद्य पदार्थों के सही तरीके से भंडारण, कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को अलग रखने, बर्तनों की सफाई के लिए गर्म पानी के इस्तेमाल और जमे हुए खाद्य पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत डीफ्रॉस्ट करने से जुड़ी कमियां सामने आईं।
मुंबई के बाहर भी कई प्रतिष्ठानों पर शिकंजा
FDA की कार्रवाई सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं रही। विभाग ने बजरंग स्वीट मार्ट, सांताक्रूज पश्चिम और अंधेरी पश्चिम स्थित ASM Hotels and Hospitality Services Pvt Ltd के लाइसेंस भी निलंबित किए हैं। इसके अलावा नागपुर के ड्यू ब्रदर्स शावरमा, नासिक के अवंती स्नैक्स और अमरावती के पिंटू यादव स्वीट्स पर भी कार्रवाई की गई है। छत्रपति संभाजीनगर और परभणी में भी तीन प्रतिष्ठानों—छप्पन भोग थाली रेस्तरां एंड बैंक्वेट हॉल, म्हारो गायत्री मेवाड़ प्राइवेट लिमिटेड और स्टार बेकरी—के लाइसेंस खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के चलते निलंबित किए गए हैं।