जबलपुर। सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद जबलपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर शहर के अलग-अलग इलाकों में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के ठिकानों पर छापेमारी की गई और 22 लोगों को गिरफ्तार किया।
235 लीटर कच्ची शराब बरामद
इतना ही नही कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 235 लीटर कच्ची शराब और 48 पाव देशी शराब बरामद की। इसके अलावा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी नष्ट किया गया।
शराब के नेटवर्क पर रखी जा रही नजर
पुलिस ने कच्ची शराब बनाने के लिए छिपाकर रखे गए करीब 2570 लीटर लाहन को भी मौके पर नष्ट कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक शहर में अवैध शराब के नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है और संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सागर की घटना के बाद पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और व्यापक कर दिया है।