बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए नौकरी पाने का अच्छा मौका आया है। इंडियन बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अप्रेंटिसशिप के 1,500 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो रही है। योग्य अभ्यर्थी 25 नवंबर 2026 तक बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में ग्रेजुएशन पूरा कर चुके 20 से 28 साल तक के उम्मीदवार आवेदन करने के पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को एक साल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें पोस्टिंग के स्थान के अनुसार हर महीने 12,300 से लेकर 15,000 रुपये तक स्टाइपेंड दिया जाएगा।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कितने पद?
इंडियन बैंक की इस भर्ती के तहत देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 1,500 अप्रेंटिस पद भरे जाएंगे। इनमें मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए 65 और छत्तीसगढ़ के उम्मीदवारों के लिए 10 पद निर्धारित किए गए हैं।
राज्यवार पदों की बात करें तो उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 285 और तमिलनाडु में 270 पद रखे गए हैं। अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए केवल एक राज्य या केंद्र शासित प्रदेश का चयन कर सकेंगे। पदों का श्रेणीवार और राज्यवार विवरण आधिकारिक नोटिफिकेशन में उपलब्ध है।
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री होना जरूरी है। ग्रेजुएशन का अंतिम परिणाम 1 अप्रैल 2022 से 1 नवंबर 2026 के बीच घोषित होना चाहिए। इसके अलावा 1 नवंबर 2026 तक परीक्षा का रिजल्ट जारी हो जाना अनिवार्य है।
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 20 साल और अधिकतम 28 साल निर्धारित की गई है। उम्र की गणना 1 नवंबर 2026 के आधार पर होगी। यानी अभ्यर्थी का जन्म 2 नवंबर 1998 से 1 नवंबर 2006 के बीच होना चाहिए।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। एससी और एसटी वर्ग को 5 साल, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) को 3 साल और दिव्यांग अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 10 साल की छूट दी जाएगी।
ऑनलाइन परीक्षा से होगा चयन
इंडियन बैंक अप्रेंटिस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा और स्थानीय भाषा की दक्षता परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।
ऑनलाइन परीक्षा में कुल 100 सवाल पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए 60 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा में रीजनिंग, कंप्यूटर नॉलेज, अंग्रेजी भाषा, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और बैंकिंग इंडस्ट्री से जुड़ी सामान्य जागरूकता के सवाल शामिल होंगे।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को स्थानीय भाषा दक्षता परीक्षा (LLPT) में शामिल होना होगा। उम्मीदवार ने जिस राज्य के लिए आवेदन किया है, वहां की निर्धारित स्थानीय भाषा को पढ़ना, लिखना, बोलना और समझना आना चाहिए। हालांकि, आठवीं, दसवीं या बारहवीं कक्षा में संबंधित भाषा पढ़ने का प्रमाण देने वाले उम्मीदवारों को इस परीक्षा से छूट मिल सकती है। बैंक जरूरत पड़ने पर इंटरव्यू भी आयोजित कर सकता है।
हर महीने मिलेगा 15 हजार रुपये तक स्टाइपेंड
अप्रेंटिस पदों पर चयनित उम्मीदवारों को 12 महीने तक ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग दी जाएगी। इस दौरान मिलने वाला स्टाइपेंड पोस्टिंग की जगह के आधार पर तय होगा।
मेट्रो और शहरी शाखाओं में: 15,000 रुपये प्रतिमाह।
ग्रामीण और अर्ध-शहरी शाखाओं में: 12,300 रुपये प्रतिमाह।
उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि यह भर्ती नियमित बैंक नौकरी के लिए नहीं, बल्कि अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के लिए है। एक साल का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद बैंक में स्थायी या संविदा नौकरी का कोई अधिकार नहीं मिलेगा। इंडियन बैंक प्रशिक्षण प्राप्त उम्मीदवारों को नौकरी देने के लिए बाध्य नहीं होगा।
आवेदन के लिए कितनी देनी होगी फीस?
आवेदन शुल्क उम्मीदवारों की श्रेणी के अनुसार अलग-अलग निर्धारित किया गया है।
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस: 800 रुपये + जीएसटी।
एससी, एसटी और दिव्यांग: 175 रुपये + जीएसटी।
फीस का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। एक बार जमा किया गया आवेदन शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।
इंडियन बैंक भर्ती के लिए ऐसे भरें फॉर्म
सबसे पहले इंडियन बैंक की आधिकारिक वेबसाइट indianbank.bank.in पर जाएं।
वेबसाइट के Career सेक्शन में जाकर Apprentice Recruitment 2026-27 का लिंक खोलें।
भर्ती का नोटिफिकेशन पढ़ें और New Registration पर क्लिक करें।
अपना नाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करके रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें।
मांगे गए दस्तावेज, फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे का निशान और हस्तलिखित घोषणा अपलोड करें।
अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करें।
फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट या डाउनलोड कॉपी अपने पास सुरक्षित रखें।