भोपाल : मध्य प्रदेश में मानसून के आगमन के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरफ बदल गया है। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में जमकर बारिश हो रही है। तो वही कुछ हिस्सों में अभी तक मानसून ने दस्तक नहीं दिया है। लेकिन प्रदेश में मानसून की तफ्तार तेज होने के चलते आज 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे प्रदेश के लिए बेहद अहम रहने वाले हैं। संभावना है कि मानसून इसी दौरान भोपाल और उज्जैन संभाग तक पहुंच जाएगा। हालांकि ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में मानसून सबसे आखिर में दस्तक देगा।
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, आज भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर समेत कई जिलों में हल्की से भारी बारिश की संभावना है।
यहां रहेंगा मौसम शुष्क
तो वही ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क रहने और धूप निकलने के आसार हैं। इसकेे साथ ही आगर-मालवा और सीहोर में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से आंधी और तेज बारिश होने के आसार है।
15 जिलों तक पहुंच चुका है मानसून
अब तक मानसून प्रदेश के 15 जिलों-आलीराजपुर, इंदौर, हरदा, धार, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खरगोन, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी और डिंडौरी में प्रवेश कर चुका है। इन जिलों के कई क्षेत्रों में चार इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
प्री-मानसून और मानसून गतिविधियां तेज
मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि वर्तमान में सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से नमी आ रही है, जो प्रदेश में प्री-मानसून और मानसून गतिविधियों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। इसी के चलते आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है।