भोपाल : राजधानी भोपाल में मेट्रो की सेवाएं 2 दिनों तक बंद रहने के बाद शुक्रवार यानि की आज से आम यात्रियों के लिए दुबारा शुरू कर दी गई है। जिसका संचालन फ़िलहाल सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक होगा रहेगा। लेकिन फेरे को जल्द बढ़ाया जाएगा। इस बात की जानकारी खुद अधिकारियो ने दी।
90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी मेट्रो
बता दें कि कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम बीते 2 दिनों से भोपाल में सिग्नलिंग सिस्टम का निरीक्षण और परीक्षण कर रही थी। इस दौरान पहली बार भोपाल मेट्रो के दोनों ट्रैक पर रेल को 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया। अगर सब कुछ सही रहा तो आगे से मेट्रो सुभाष नगर से एम्स के बीच इसी रफ्तार से दौड़ेगी।
रफ़्तार देने पर होगा विचार
इधर, जांच को लेकर अधिकारियों ने बताया मेट्रो के लिए आधुनिक सिग्नलिंग तकनीक लगाई गई है, जो दिल्ली मेट्रो में इस्तेमाल होती है।सिग्नलिंग सिस्टम ही यह तय करता है कि दो ट्रेनों के बीच कितना अंतर सुरक्षित रहेगा और उनकी रफ्तार क्या होगी। इसके बिना एक से अधिक ट्रैक पर रेल संचालन सुरक्षित नहीं होता। जांच पड़ताल के बाद सीएमआरएस की टीम दिल्ली वापस लौट गई। जल्दी ही उनकी रिपोर्ट आएगी। जिसके बाद मेट्रो को रफ़्तार देने पर फैसला लिया जाएगा।
अभी दो फेरों के बीच 75 मिनट की प्रतीक्षा
बता दें कि भोपाल और इंदौर में फिलहाल सिग्नलिंग सिस्टम नहीं है। इस वजह से मेट्रो प्रबंधन को केवल एक ही ट्रैक (डाउन ट्रैक) पर ट्रेन चलानी पड़ रही हैं। यही वजह है कि भोपाल में ट्रेनों की फ्रिक्वेंसी 75 मिनट रखी गई है, जिससे यात्रियों को सफर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में नए सिस्टम शुरू होने के बाद लोगों को सफर करने के लिए इंतज़ार नही करना पड़ेगा