रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी विभागों को तत्काल प्रभाव से व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शहर में शुरू हुई राहत व्यवस्थाएं
भीषण गर्मी से राहत देने के लिए प्रशासन ने शहर के प्रमुख इलाकों में व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर प्याऊ शुरू, भीड़भाड़ वाले बाजारों में पेयजल केंद्र सक्रिय और सार्वजनिक स्थानों पर कूलिंग शेल्टर बनाए जा रहे हैं। इन कदमों का उद्देश्य राहगीरों और आम नागरिकों को लू से बचाव में सहायता देना है।
स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क
लू और हीट स्ट्रोक के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है। सभी शासकीय अस्पतालों में ORS, दवाइयों और IV फ्लूड का स्टॉक बढ़ाया गया है, इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत किया गया। साथ ही डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन का फोकस किसी भी आपात स्थिति में त्वरित उपचार उपलब्ध कराने पर है।
मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम में हल्का बदलाव संभव है। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है, तापमान में मामूली गिरावट के संकेत दिए गए हैं।
इन जिलों में चेतावनी
सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, सक्ती और राजनांदगांव समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। रायपुर में जहां एक ओर गर्मी और लू का असर बढ़ता जा रहा है, वहीं प्रशासन ने राहत और सुरक्षा के इंतजाम तेज कर दिए हैं। दूसरी तरफ मौसम विभाग की चेतावनी से आने वाले दिनों में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है।