Digvijay Singh Meet narendra singh tomar : मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक बड़ी खबर समाने आई है। ग्वालियर में दो विरोधी पार्टी के नेता एक साथ चाय की चुस्की लगाते नजर आए। इस दौरान दोनों के बीच करीब 30 मिनट गहन चर्चा भी हुई। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह अचानक मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से मिलने उनके घर पहुंचे। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी मौजूद रहे।
तोमर के घर क्यों पहुंचे सिंह?
दरअसल, प्रदेश कांग्रेस ग्वालियर से संविधान बचाओ रैली निकालने जा रही है। रैली को लेकर कांग्रेस नेताओं का ग्वालियर पहुंचना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी ग्वालियर पहुंचे थे। इस दौरान वे रेसकोर्स रोड स्थित नरेंद्र सिंह तोमर के बंगले पहुंचे। दिग्विजय सिंह विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के छोटे बेटे की होने वाली शादी की बधाई देने पहुंचे थे।
चाय पर हुई चर्चा
जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक बंद कमरे में चर्चा हुई। दोनों नेता अपने पुराने दिनों को याद करते हुए ठहाके लगाते भी नजर आए। वही नरेन्द्र सिंह तोमर के बेटे ने दिग्विजय सिंह के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। जब मीडिया ने दिग्विजय सिंह से इस मुलाकात को लेकर सवाल किया तो उनका कहना था कि भतीजे की शादी है, आशीर्वाद तो देना बनता है।