धमतरी। शहर की विभिन्न नागरिक समस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक घड़ी चौक से रैली निकालते हुए नगर निगम पहुंचे, जहां प्रशासन की ओर से पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
रैली के बाद निगम कार्यालय का घेराव
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर के नेतृत्व में निकली रैली स्वामी चौक और हनुमान मंदिर मार्ग से होकर निगम कार्यालय पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने निगम परिसर के बाहर नारेबाजी करते हुए विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
इस दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार कर मुख्य द्वार तक पहुंच गए। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।
आयुक्त को सौंपा 12 सूत्रीय मांगपत्र
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा को 12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इसमें प्रमुख रूप से निम्न मांगें शामिल रहीं—
पट्टाविहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ
नए पट्टों का वितरण
जर्जर अटल आवासों का जीर्णोद्धार
लंबित आवास प्रकरणों का निराकरण
मृत हितग्राहियों के नाम पर नॉमिनी जोड़ना
एएचपी हितग्राहियों को बीएलसी योजना का लाभ
नियमित पेंशन भुगतान
शहर की सड़कों की मरम्मत
खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करना
सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई
जर्जर बाउंड्रीवाल हटाकर सड़क चौड़ीकरण
रेलवे कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं की व्यवस्था
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
छात्रों के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
नगर निगम घेराव के बाद कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गांधी मैदान में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस ने सरकार पर लगाए आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है और विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
वहीं, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा और युवाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।