Sports News: भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेले गए रोमांचक ट्राई सीरीज मुकाबले का अंत सुपर ओवर में हुआ, लेकिन मैच खत्म होने के बाद मैदान पर जो दृश्य देखने को मिला, उसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और कुछ श्रीलंकाई खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हो गई, जिसके चलते कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बन गया।
सुपर ओवर में नहीं दिला सके जीत
दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 रन बनाए। जवाब में भारत-ए की ओर से सूर्यांश शेडगे और वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन टीम केवल 10 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा बैठी। सुपर ओवर की शुरुआत में शेडगे ने दो रन लेकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन लगातार दबाव बढ़ता गया। अंतिम तीन गेंदों में वैभव सूर्यवंशी स्ट्राइक पर थे। उन्होंने एक चौका जरूर लगाया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।सुपर ओवर की शुरुआत में शेडगे ने दो रन लेकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन लगातार दबाव बढ़ता गया। अंतिम तीन गेंदों में वैभव सूर्यवंशी स्ट्राइक पर थे। उन्होंने एक चौका जरूर लगाया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
हार के बाद मैदान पर बढ़ा तनाव
श्रीलंका-ए की जीत के बाद खिलाड़ी मैदान पर जश्न मनाने लगे। इसी दौरान किसी बात को लेकर वैभव सूर्यवंशी और एक श्रीलंकाई खिलाड़ी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्षों के खिलाड़ियों को बीच-बचाव करना पड़ा। भारत-ए के बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए वैभव को शांत कराने की कोशिश की और उन्हें विवाद से दूर ले गए। हालांकि युवा बल्लेबाज काफी नाराज दिखाई दिए। बाद में दोनों टीमों ने औपचारिक रूप से हाथ मिलाकर मैच समाप्त किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत-ए ने बनाए 265 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए की टीम 49.2 ओवर में 265 रन पर सिमट गई। टीम के लिए सूर्यांश शेडगे ने सबसे अधिक 72 रन बनाए, जबकि विप्रज निगम ने 51 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। वैभव सूर्यवंशी इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके और 21 रन बनाकर आउट हो गए। श्रीलंका-ए की ओर से विजयकांत व्यासकांत और मोहम्मद शिराज ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
सदीरा समरविक्रमा की शानदार पारी
266 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका-ए ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 265 रन बनाए और मुकाबला टाई करा दिया। टीम के लिए सदीरा समरविक्रमा ने 93 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि अंतिम ओवर में उनके आउट होने से श्रीलंका दबाव में आ गया था। भारत की ओर से आखिरी ओवर फेंकने वाले अरशद खान ने सिर्फ 4 रन खर्च किए और मैच को सुपर ओवर तक पहुंचा दिया।
सोशल मीडिया पर चर्चा में वैभव
मैच के बाद हुई इस नोकझोंक का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। क्रिकेट प्रेमी युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के आक्रामक रवैये और मैच के दौरान बने तनावपूर्ण माहौल पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।