राजेश सोनी, डबरा: ग्वालियर जिले के डबरा के लखीया गांव से एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। जहां पिता ने अपनी ही शादी-शुदा बेटी की हत्या कर दी। इस वारदात में पिता का साथ देने वाले भी और कोई नहीं उसके बेटे ही थे। सभी आरोपियों ने मिलकर शव को जला दिया और अवशेष खेत और कुएं में फेक दिया। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हत्या के 26 दिन बाद हुआ। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पिता को था बेटी पर शक
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला डबरा जिले के लाखिया गांव का है। मृतका का नाम जूली गुर्जर है जिसकी उम्र 33 वर्ष है। जूली की शादी भेसनारी गांव में हुई थी लेकिन वह अपने पति को छोड़कर मायके यानि लखिया गांव में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मृतका के पिता को यह शक था कि बेटी का प्रेम प्रसंग गांव के ही एक लड़के से चल रहा है। बीती 5 मई को जूली घर से गायब भी थी, जिसके बाद परिवार ने देहात थाने में इसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। शिकायत पर पुलिस ने एक्शन लेते हुए जूली को ढूंढ लिया और परिजनों को सौंप दिया।
तैश में पिता ने की बेटी की हत्या
इस घटना के बाद 8 मई की रात जूली और पिता किशन गुर्जर के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा की तैश में आकर पिता ने जूली की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या का राज छिपाने पिता किशन गुर्जर और उसके बेटे ने खेत में ले जाकर शव को जला दिया और जले हुए अवशेष कुएं और खेत में फेंक दिए।
मामले में ये आरोपी गिरफ्तार
पूरे मामले में फिलहाल पुलिस ने जूली के पिता किशन गुर्जर, भाई दीपक, रामसेवक और अजय गुर्जर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस आरोपियों से घटना क्रम के बारे में विस्तार से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने निशानदेही पर खेत और कुएं में पड़े अवशेषों को ढूंढने के प्रयास में भी जुटी है।
क्या कहती है पुलिस?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मृतका जूली अपने पति से अनबन के बाद मायके में रह रही थी। 5 मई को जूली घर से कहीं चली गई थी। परिवारजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने जूली को तलाश निकाला और परिवार को सौंप दिया।
मृतिका के पिता और भाइयों को इस बात का शक था कि जूली का गांव में ही प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस बात को लेकर पिता-पुत्री में जमकर विवाद हुआ और आरोपी पिता ने जूली की हत्या कर दी। पिता ने इस घटना के बाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद जांच की गई और यह पता चला कि आरोपियों ने शव को जलाकर बचे अवशेष खेत और कुएं में फेंक दिए। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।