CM Mohan Statement : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को यूनियन कार्बाइड परिसर का निरिक्षण करने के बाद बयान देते हुए कहा कि यह त्रासदी मध्यप्रदेश के इतिहास की सबसे भीषण घटनाओं में से एक थी, जो कांग्रेस के शासनकाल में हुई। उन्होंने कहा कि यहां मौत का तांडव देखने को मिला और सालों तक जहरीला कचरा परिसर में पड़ा रहा, जिससे मानव जीवन को गंभीर खतरा बना रहा।
अधिकारियों की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप यूनियन कार्बाइड परिसर में पड़े जहरीले कचरे का सफलतापूर्वक निस्तारण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से बड़ी मानवीय हानि को रोका जा सका।
कांग्रेस ने किए कई पाप
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक के बाद एक कई पाप किए और यह त्रासदी भी उसी का परिणाम थी। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का काला कलंक था, जिसे उनकी सरकार ने धोने का काम किया है। वर्ष 2025 में यहां विशेष सफाई अभियान चलाया गया और अब आने वाले समय में इस परिसर में मेमोरियल निर्माण और अन्य विकास कार्यों की योजना बनाई जाएगी।
राहुल पर बोले सीएम मोहन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उस समय एंडरसन को भगाने में मदद की थी। उन्होंने कहा कि यह सच्चाई देश को जाननी चाहिए। सीएम ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाने का काम किया है और यह पहला अवसर है जब कोई मुख्यमंत्री यूनियन कार्बाइड परिसर में आया है। उन्होंने कहा कि पहले इस जगह की ओर देखने तक से लोग कतराते थे।
आज मिलेगी सड़क की सौगात
सीएम मोहन ने बताया कि वह आज विदिशा जा रहे हैं, जहां केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के आगमन के साथ मध्यप्रदेश को सड़क विकास से जुड़ी कई सौगातें मिलने वाली हैं। विदिशा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संसदीय क्षेत्र भी है।
बरैया बयान की निंदा
इसके अलावा मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस नेताओं के हालिया बयानों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कुछ नेता समाज में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता फूल सिंह के बयान की कड़ी निंदा करते हुए मांग की कि उन्हें सस्पेंड कर पार्टी से बाहर किया जाए।
क्या था बरैया का बयान?
कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने अपने एक बयान में कहा था कि धर्म ग्रंथो में लिखा है एसटी एससी महिलाओं के साथ संबंध बनाने से तीर्थ करने जितना फल मिलता है। यदि कोई तीर्थ नहीं जा पाता, तो शेड्यूल कास्ट की महिलाओं के साथ सहवास करने से तीर्थ का फल मिलता है। इतना ही नहीं उन्होंने आगे कहा कि जो लोग तीर्थ नहीं जा पाते, वे धर्मग्रंथों के अनुसार चलते हैं, घर पर रहते हैं और रात के अंधेरे में शेड्यूल कास्ट की लड़की को पकड़ते हैं, फिर उसके साथ सहवास करते हैं।
बच्चियों पर टिप्पणी
फूल सिंह बरैया ने बलात्कार जैसे अपराध को लेकर कहा कि रेप कोई एक व्यक्ति नहीं कर सकता, कम से कम चार-पांच लोग करते हैं। इसीलिए चार महीने और दस महीने की बच्चियों तक के साथ रेप होते हैं, तो इसका कारण यह है कि वह दिमाग में सोचते हैं कि लड़की के साथ में सहवास करूंगा,ख् तो मुझे इस तीर्थ का फल मिलेगा। इस कारण एससी एसटी ओबीसी बच्चियों का रेप हो रहा है।