भोपाल : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 और 3 अक्टूबर को भोपाल दौरे पर रहेंगे और प्रदेश को कई सौगाते देंगे। इस बात का खुलासा खुद सीएम मोहन ने किया। उन्होंने ने कहा कि अमित शाह भोपाल के दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे और मध्य प्रदेश सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच लंबित विषयों को लेकर बैठक करेंगे।
पशुपालकों को प्रोत्साहित करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन के जरिए प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और पशुपालकों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि IISER से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के कौशल विकास और शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
विकास कार्यों से जुड़ी गतिविधियां होंगी
डॉ. यादव के मुताबिक दौरे के दौरान स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण सहित विभिन्न विकास कार्यों से जुड़ी गतिविधियां होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति कर चुका है। अब प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में भी प्रयास तेज किए जा रहे हैं।