भोपाल। मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में सरकार एक नई पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा की शुरुआत 25 सितंबर से प्रस्तावित है। योजना के पहले चरण में इंदौर के 23 चयनित रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा।
75 प्रतिशत गांवों को बस सेवा से जोड़ने का लक्ष्य
सरकार का लक्ष्य इस सेवा के माध्यम से प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच परिवहन सुविधा को मजबूत करना है। वर्ष 2030 के अंत तक प्रदेश के करीब 75 प्रतिशत गांवों को बस सेवा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही अंतरजिला और अंतरराज्यीय बस कनेक्टिविटी का दायरा भी बढ़ाया जाएगा।
प्रदेश के 55 जिलों में रूट सर्वे पूरा
जानकारी के मुताबिक प्रदेश के सभी 55 जिलों में रूट सर्वे पूरा किया जा चुका है। सर्वे के आधार पर परिवहन नेटवर्क को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने की योजना है। इसके तहत करीब 150 सिटी, 450 इंटरसिटी और 436 इंटरस्टेट बस मार्ग विकसित किए जाने हैं।
नई बस सेवा से यात्रियों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
सरकार का मानना है कि नई बस सेवा से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ ही छोटे शहरों और गांवों तक सार्वजनिक परिवहन की पहुंच बढ़ेगी। योजना के विस्तार के साथ प्रदेश में आवागमन को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने पर जोर रहेगा।