भोपाल : मध्य प्रदेश की मोहन सरकार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026' की शुरुआत 7 अगस्त से करने जा रही है। जिसके चलते अब हर शुक्रवार को अधिकारी फील्ड पर उतरेंगे और जनता की समस्या का समाधान करेंगे। साथ ही अपने अपने क्षेत्र के जिलों में भ्रमण कर विभागीय कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।
6 महीने तक चलेगा अभियान
'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 8 जनवरी 2027 तक चलेगा। जिसको लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों, जिला कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इतना ही नहीं सरकार ने अभियान के चार प्रमुख स्तंभ संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी तय किए हैं।
अधिक से अधिक क्षेत्रीय भ्रमण करने के निर्देश
बता दें कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान दिवस यानी की अब प्रत्येक शुक्रवार को अपरिहार्य स्थितियों को छोड़कर विभाग, विभागाध्यक्ष, संभागायुक्त, कलेक्टर, जिला अधिकारियों के साथ बैठकें नहीं करेंगे। ताकि अधिकारी अधिक से अधिक समय क्षेत्रीय भ्रमण और जनसंवाद में दे सकें।
लंबित मामलों की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित मामलों की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाए। विभागीय और जिला स्तर पर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और सभी आवेदनों का समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण किया जाए।