जावेद खान, ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ऑटोमोबाइल सेक्टर और व्यापारिक गलियारों से दुखद खबर सामने आई है। उद्योगपति और देश की जानी-मानी ऑटोमोबाइल कंपनी प्रेम मोटर्स के संस्थापक MD चरणजीत नागपाल का निधन हो गया है।
एयरपोर्ट पर बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार 29 जून की सुबह प्रेम मोटर्स के एमडी चरणजीत नागपाल दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। जब तक उन्हें चिकित्सकीय सहायता मिल पाती, तब तक उनका निधन हो चुका था। जैसे ही सुबह यह खबर ग्वालियर और देशभर तक पहुंची, सभी स्तब्ध रह गए। ऑटोमोबाइल कप्तानों का कहना है कि नागपाल केवल एक बड़े कारोबारी नहीं, बल्कि एक सामाजिक व्यक्ति थे।
सिंधिया ने व्यक्त की संवेदना
ग्वालियर राजपरिवार के मुखिया और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस आकस्मिक निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं प्रेम मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक चरणजीत नागपाल के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
उनका निधन उद्योग एवं सामाजिक जगत के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है। इस कठिन और दुखद घड़ी में समस्त शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजन को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
.png)