Bihar Bird Flu Alert: बिहार में बर्ड फ्लू (Avian Influenza) की पुष्टि होते ही प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल परिसर स्थित मैदान में 150 से अधिक कौओं की मौत के मामले में अब आधिकारिक रूप से बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। जिला पशुपालन विभाग के अनुसार, मृत कौओं के सैंपल पटना और भोपाल की उच्च स्तरीय लैब में भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट में एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस पाए जाने के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
10 किलोमीटर के दायरे में हाई अलर्ट, सेनेटाइजेशन तेज:
रिपोर्ट सामने आते ही जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर 10 किलोमीटर के दायरे में सेनेटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। इलाके के सभी पोल्ट्री फार्म से सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं और जीरो सर्विलेंस नीति के तहत दोबारा जांच की जा रही है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
11 जनवरी को मिली थी कौओं की लाशें:
बताया जा रहा है कि 11 जनवरी की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने एक ही जगह पेड़ के नीचे बड़ी संख्या में मृत कौए देखे थे। कई पक्षी तड़पती हालत में मिले, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी मृत पक्षियों को सुरक्षित प्रोटोकॉल के तहत हटाया गया। इसके बाद सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे।
अधिक ठंड नहीं, बर्ड फ्लू बना मौत की वजह:
इस मामले पर जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अंजली कुमारी सिन्हा ने बताया कि शुरुआत में अत्यधिक ठंड के कारण कौओं की मौत की आशंका जताई गई थी, लेकिन जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो गया कि मौत बर्ड फ्लू संक्रमण के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए सभी एहतियाती कदम सख्ती से लागू किए जा रहे हैं।
प्रशासन की अपील: सतर्क रहें, अफवाहों से बचें:
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे मृत या बीमार पक्षियों के संपर्क में न आएं। किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन या पशुपालन विभाग को दें। बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद नवगछिया और आसपास के इलाकों में प्रशासन हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है।