Bhopal Crime : राजधानी भोपाल में ब्यूटीशियन के साथ दुष्कर्म और जबरन धर्मांतरण के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अमरीन और उसकी बहन आफरीन कथित तौर पर एक नेटवर्क संचालित कर रही थीं। इस मामले में पुलिस ने आफरीन, अमरीन, उनके भाई जामल और चौथे आरोपी चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
धर्म परिवर्तन कर चुका चंदन
पुलिस के अनुसार, चंदन यादव पहले ही धर्म परिवर्तन कर चुका था और उस पर पीड़िता से दुष्कर्म का आरोप है। वहीं गिरोह की एक अन्य सदस्य जन्नत फरार बताई जा रही है। यासिर नामक आरोपी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोप है कि यासिर ने पीड़िता के साथ अहमदाबाद में दुष्कर्म किया था।
गरीब लड़कियों को बनाया निशाना
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह गरीब परिवारों की लड़कियों को निशाना बनाता था। युवतियों को कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया जाता था और बाद में धर्मांतरण का दबाव बनाया जाता था। कुछ पीड़िताओं ने आरोप लगाया है कि उनके साथ दुष्कर्म के बाद अन्य स्थानों पर “सप्लाई” करने की भी कोशिश की गई।
ह्यूमन ट्रैफिकिंग एंगल से जांच
मामले में अब ह्यूमन ट्रैफिकिंग के एंगल से भी जांच शुरू कर दी गई है। कई अन्य पीड़िताएं सामने आई हैं, जिनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पूरे मामले की जांच बागसेवनिया थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।