Bhopal News : राजधानी भोपाल की अरेरा कॉलोनी में धार्मिक स्थल के समीप शराब दुकान संचालित होने को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। आर्य समाज मंदिर से बेहद नजदीक चल रहे शराब ठेके के विरोध में स्थानीय रहवासियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और ठेका तत्काल हटाने की मांग उठाई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर के ठीक पास महज 29 मीटर की दूरी पर शराब की दुकान संचालित हो रही है, जबकि नियमों के तहत किसी भी धार्मिक स्थल से शराब ठेका कम से कम 100 मीटर दूर होना चाहिए। इसके बावजूद खुलेआम नियमों की अनदेखी की जा रही है, जिससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल बन गया है।
प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य डॉ. प्रियंक कानूनगो भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं इंच टेप की मदद से मंदिर और शराब दुकान के बीच की दूरी नापी। माप में दूरी केवल 29 मीटर पाई गई। इस पर कानूनगो ने स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन सामने है और वह रहवासियों की मांग के साथ खड़े हैं।
डॉ. कानूनगो ने कहा कि धार्मिक स्थल के आसपास इस तरह की गतिविधियां सामाजिक वातावरण को प्रभावित करती हैं और नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले को गंभीरता से उठाकर उचित कार्रवाई के प्रयास किए जाएंगे।
रहवासियों का कहना है कि एक ओर मंदिर में पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियां होती हैं, वहीं दूसरी ओर शराब दुकान के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप भी लगाया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इस शराब ठेके को लेकर राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन आबकारी विभाग ने मंदिर को धार्मिक स्थल मानने से इनकार करते हुए कार्रवाई से बचने का तर्क दिया था। अब ताजा प्रदर्शन और आयोग सदस्य की मौजूदगी के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।