भाटापारा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने बिना टिकट और अनियमित रूप से सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग और रायपुर स्टेशन पर नाका चेकिंग के तहत रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 16 ट्रेनों सहित दोनों स्टेशनों पर सघन जांच की। इस कार्रवाई में कुल 325 मामले सामने आए, जिनसे रेलवे को 2 लाख 92 हजार 40 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
16 ट्रेनों और दो प्रमुख स्टेशनों पर हुई जांच
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर यह विशेष अभियान संचालित किया गया। जांच के दौरान भाटापारा और रायपुर रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म के साथ 16 ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। रेलवे की टीम ने बिना टिकट, गलत या अनियमित टिकट और निर्धारित सीमा से अधिक सामान लेकर सफर करने वाले यात्रियों को चिह्नित किया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रेलवे के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई।
बिना टिकट सफर करने वाले 207 यात्री पकड़ाए
विशेष टिकट जांच अभियान में सबसे ज्यादा मामले बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के सामने आए। रेलवे की टीम ने ऐसे 207 यात्रियों को पकड़ा और उनसे 2 लाख 14 हजार 635 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले। इसके अलावा अनियमित टिकट के साथ यात्रा कर रहे 102 यात्रियों पर कार्रवाई की गई। इनसे 74 हजार 800 रुपये की वसूली हुई। वहीं, निर्धारित मात्रा से अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले 15 यात्रियों से 2 हजार 170 रुपये प्राप्त किए गए। अन्य श्रेणी के एक मामले में 435 रुपये का राजस्व मिला। इस तरह कुल 325 मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने 2,92,040 रुपये की वसूली की।
20 टिकट चेकिंग कर्मचारियों की टीम ने संभाला मोर्चा
इस अभियान को सफल बनाने के लिए रेलवे के वाणिज्य विभाग की विशेष टीम तैनात रही। इसमें सहायक वाणिज्य प्रबंधक-1 (कोचिंग) राजेश कुमार साह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक टिकट चेकिंग और 20 टिकट जांच कर्मचारी शामिल थे। टीम ने स्टेशन परिसर से लेकर ट्रेनों तक जांच अभियान चलाया और नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की।
रेलवे ने यात्रियों से की ये अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन में सफर करने से पहले अपनी यात्रा के अनुरूप वैध टिकट जरूर लें। स्टेशन पर प्रवेश करने और प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए आवश्यक प्लेटफॉर्म टिकट लेना भी अनिवार्य है। इसके साथ ही यात्रियों को अपनी निर्धारित श्रेणी के कोच में ही यात्रा करने और अतिरिक्त सामान होने पर रेलवे के नियमों के अनुसार उसकी बुकिंग कराने की सलाह दी गई है। रेलवे ने स्टेशन और ट्रेनों में साफ-सफाई बनाए रखने में भी यात्रियों से सहयोग मांगा है। रेल प्रशासन के मुताबिक, बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए इस तरह के विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी समय-समय पर जारी रहेंगे।