MP Rahul Singh Lodhi : मध्य प्रदेश के दमोह जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीतानगर सिंचाई और जल आपूर्ति परियोजना के निरीक्षण के दौरान अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस हमले में सांसद राहुल सिंह लोधी, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य लोग बाल-बाल बचे। सभी ने तेजी से मौके से भागकर खुद कर जान बचाई।
मधुमक्खियों ने किया हमला
दरअसल, भाजपा सांसद राहुल सिंह लोधी मंगलवार को सीतानगर परियोजना की प्रगति का जायजा लेने पहुंचे थे। यह परियोजना 600 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के करीब 100 गांवों को सिंचाई और पीने के पानी की सुविधा देना है। इस दौरे में उनके साथ स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड वहां पहुंचा और काफिले पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों को देख अफरा-तफरी मच गई। अधिकारी और सांसद दौड़कर इधर-उधर छिपने लगे। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। एक-दो लोगों को मधुमक्खियों के डंक लगे है।
क्या बोले सांसद राहुल लोधी
घटना के बाद सांसद राहुल सिंह लोधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सीतानगर परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी। उन्होंने बताया कि यह परियोजना मार्च 2026 तक पूरी हो जाएगी और इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य की गुणवत्ता और गति का मूल्यांकन करने के लिए वे पुनः निरीक्षण पर आएंगे। मौके पर किसी तरह की कमियों को दूर किया जाएगा ताकि समय पर इसका लाभ ग्रामीणों को मिल सके।
परियोजना से करीब 100 गांवों को न सिर्फ पीने के लिए शुद्ध जल मिलेगा, बल्कि खेतों की सिंचाई के लिए भी भरपूर जल उपलब्ध होगा। इससे किसानों को साल में तीन फसलें लेने में मदद मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगा।