छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में दबिश देकर टीम ने मध्यप्रदेश निर्मित गोवा ब्रांड विदेशी शराब की भारी खेप बरामद की है। कार्रवाई के दौरान कुल 140 पेटी से अधिक शराब यानी 7,010 बोतलें जब्त की गईं। इस मामले में दो नाबालिगों सहित तीन लोगों को पकड़ा गया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
आबकारी विभाग के मुताबिक, जब्त शराब की कुल मात्रा 1,261.8 बल्क लीटर है। इसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 46 हजार 350 रुपये बताई गई है। वहीं, शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए तीन वाहनों सहित पूरी जब्ती का कुल बाजार मूल्य 20 लाख 96 हजार 350 रुपये आंका गया है।
मुखबिर की सूचना पर छोटे कड़मा में छापा
आबकारी अधिकारी अंकित सिंह राठौर ने बताया कि 21 नवंबर को विभाग को मुखबिर के माध्यम से छोटे कड़मा क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान एक नाबालिग बालक ईको वाहन में संदिग्ध स्थिति में मिला। जब आबकारी टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें गोवा ब्रांड विदेशी शराब की 15 पेटियां बरामद हुईं।
इसी दौरान वाहन में मौजूद सुनील सेठिया निवासी राजुर मौके से फरार हो गया। विभाग की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।
बाइक से भी ले जाई जा रही थी शराब
आबकारी विभाग की कार्रवाई के दौरान एक काले रंग की पैशन प्रो बाइक पर सवार दो लोगों को भी पकड़ा गया। इनमें एक नाबालिग बालक और दूसरा प्रवीण बघेल निवासी चितापूर शामिल था।
दोनों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से गोवा ब्रांड विदेशी शराब की एक पेटी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान शराब की एक बड़ी खेप गिट्टी खदान के रास्ते पर छिपाकर रखने की जानकारी सामने आई।
अशोक लीलैंड वाहन में मिली शराब की 124 पेटियां
पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर आबकारी विभाग की टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां अशोक लीलैंड वाहन संदिग्ध हालत में खड़ा मिला।
वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर से मध्यप्रदेश में निर्मित गोवा ब्रांड विदेशी शराब की 124 पेटियां बरामद हुईं। इस तरह पूरी कार्रवाई में 140 पेटी और 10 नग शराब जब्त की गई।
विभाग के अनुसार, जब्त शराब की कुल मात्रा 1,261.8 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 9,46,350 रुपये है। शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है।
दो नाबालिग बाल सुधार गृह भेजे गए, एक आरोपी जेल में
इस मामले में आबकारी विभाग ने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 36 और 59 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
कार्रवाई के बाद दोनों नाबालिग बालकों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। वहीं, आरोपी प्रवीण बघेल को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया है। फरार आरोपी सुनील सेठिया की तलाश की जा रही है।
20 लाख रुपये से अधिक की जब्ती, तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई में शराब और परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहनों सहित कुल 20 लाख 96 हजार 350 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
फिलहाल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। शराब कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई कहां की जानी थी और इस तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
बस्तर में हुई इस कार्रवाई ने अवैध शराब परिवहन के मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। अब जांच में शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क के बारे में क्या खुलासे होते हैं, इस पर नजर रहेगी।