उज्जैन : सावन माह की शुरुआत होते ही बाबा महाकाल प्रजा का हाल चाल जानने के लिए नगर भ्रमण में निकलते है। इसी कड़ी में सावन के पहले सोमवार को बाबा की शाही सवारी धूम धाम के साथ निकाली गई। जिसमे बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए और भगवान महाकाल के मनमहेश स्वरूप में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। साथ ही 'हर-हर महादेव' के जयकारे भी लगाएं।
प्रत्येक सोमवार को निकाली जाएगी शाही सवारी
बता दें कि सावन और भादों मास के प्रत्येक सोमवार को भगवान महाकाल की शाही सवारी निकालने की परंपरा वर्षों पुरानी है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए सावन के महीने में इस वर्ष भी बाबा की पहली सवारी निकाली गई। जिसकी शुरुआत करने से पहले श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभा मंडप में भगवान महाकाल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन की गई।
गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया
इस दौरान मौके पर मंत्री राकेश सिंह, उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही भगवान महाकाल की पालकी को कंधा देकर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। लेकिन इसके पहले मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस दल द्वारा भगवान महाकाल को पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इन मार्ग से निकाली गई सवारी
बता दें कि सवारी महाकाल मंदिर से प्रारंभ होकर महाकाल घाटी, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, हरसिद्धि पाल होते हुए रामघाट पहुंची। यहां पवित्र शिप्रा नदी के जल से भगवान महाकाल का अभिषेक किया गया। इसके पश्चात सवारी गणगौर दरवाजा, ढाबा रोड, गोपाल मंदिर और पटनी बाजार मार्ग से होते हुए पुनः श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची।
पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने पालकी का किया अभिनंदन
इस दौरान जगहे जगहे पर सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारी संगठनों द्वारा भगवान महाकाल का भव्य स्वागत किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी का अभिनंदन किया, वहीं कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया गया। इस दौरान पूरा शहर "हर-हर महादेव" और "जय श्री महाकाल" के उद्घोष से गूंज उठा।