Mountaineer Anjana Sing : मैहर जिले की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर्वतारोही अंजना सिंह ने माउंट एलब्रुस फतह की है। यूरोपीय महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस (5,642 मीटर) को फतह कर न केवल तिरंगा लहराया, बल्कि युवाओं को नशामुक्ति का संदेश भी दिया यात्रा से पहले, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 17 जुलाई को भोपाल में अपने आवास पर अंजना को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा था, जिसे उन्होंने यूरोप की इस कठिन चोटी पर लहराकर गौरवपूर्ण पल में बदल दिया।
क्या कहती है अंजना...
अंजना सिंह ने बताया कि बर्फीली हवाओं, कम ऑक्सीजन और जानलेवा ठंड के बीच अंजना ने हौसले की ऊंचाई छूते हुए एक शेरपा की मदद से ऑक्सीजन बैग लेकर यह कठिन चढ़ाई पूरी की। चोटी पर पहुंचते ही उन्होंने नशे से दूर रहने का आह्वान किया, जो युवाओं के लिए एक प्रेरक संदेश बन गया।
2024 से की शुरूआत
अंजना की पर्वतारोहण यात्रा की शुरुआत साल 2024 से हुई थी। 20 मई को उन्होंने मनाली की 15 हजार फीट ऊंची फ्रेंडशिप वैली फतह की, फिर 19 जुलाई को लद्दाख सीमा स्थित 6,011 फीट ऊंची शिनकुन चोटी पर तिरंगा फहराया। समुद्र तल से 19,341 फीट ऊंचाई पर स्थित अफ्रीका की एक बर्फीली चोटी पर भी उन्होंने सफल चढ़ाई की है।
अमरपाटन की है अंजना
अंजना मैहर जिले की अमरपाटन तहसील के बेंदुराकला गांव की निवासी हैं। उनके पिता राजेश सिंह किसान हैं, माता सियावती सिंह गृहिणी हैं और उनका एक बड़ा भाई भी है। साधारण किसान परिवार से आने वाली अंजना ने असाधारण साहस दिखाते हुए जो मुकाम हासिल किया है, उससे न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा जिला गौरव महसूस कर रहा है।