Donald Trump Currency Note: अमेरिका में जल्द ही 250 डॉलर का नया करेंसी नोट देखने को मिल सकता है। खास बात यह है कि इस प्रस्तावित नोट पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर छापे जाने की चर्चा तेज हो गई है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रंप प्रशासन के कुछ वरिष्ठ अधिकारी इस योजना को आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं और इसके लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी चल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के अधिकारियों ने 250 डॉलर के नोट का प्रारंभिक डिजाइन तैयार करने पर काम भी शुरू कर दिया है। इस प्रस्तावित नोट को अमेरिका की आजादी की 250वीं वर्षगांठ से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसे अगले साल बड़े स्तर पर मनाया जाएगा।
ट्रेजरी विभाग ने तैयार किए प्रोटोटाइप डिजाइन
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी ट्रेजरर ब्रैंडन बीच और उनके वरिष्ठ सलाहकार माइक ब्राउन ने ब्यूरो ऑफ एनग्रेविंग एंड प्रिंटिंग (BEP) को 250 डॉलर के नोट का प्रोटोटाइप तैयार करने के निर्देश दिए थे। बताया जा रहा है कि पिछले साल अगस्त और सितंबर के दौरान इस नोट के कई डिजाइन तैयार किए गए। एक डिजाइन में डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर नोट के केंद्र में दिखाई गई है। वहीं नोट पर राष्ट्रपति और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षर भी शामिल किए गए हैं। रिपोर्ट में यह दावा भी किया गया है कि ब्रिटिश कलाकार इयान अलेक्जेंडर ने इस डिजाइन पर ट्रंप से व्यक्तिगत चर्चा की थी। बताया जा रहा है कि ट्रंप ने डिजाइन में अमेरिकी झंडे के रंगों और अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के लोगो को शामिल करने का सुझाव दिया था।
160 साल पुराना कानून बना सबसे बड़ी चुनौती
हालांकि इस प्रस्ताव के सामने सबसे बड़ी बाधा अमेरिकी कानून है। अमेरिका में 1866 से लागू नियमों के तहत किसी भी जीवित व्यक्ति की तस्वीर करेंसी नोट पर नहीं छापी जा सकती। यह कानून तब लागू किया गया था जब ट्रेजरी विभाग के एक अधिकारी ने 5-सेंट के नोट पर अपनी तस्वीर छपवा दी थी। इसके बाद सरकार ने स्थायी रूप से यह नियम बना दिया कि अमेरिकी करेंसी पर केवल दिवंगत ऐतिहासिक व्यक्तियों की तस्वीरें ही दिखाई जाएंगी। ऐसे में अगर ट्रंप की तस्वीर वाले 250 डॉलर नोट को मंजूरी देनी है, तो अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस को नया कानून पारित करना होगा। जानकारी के मुताबिक इस संबंध में पिछले साल एक बिल भी पेश किया गया था।
अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ से जुड़ा है पूरा प्लान
दरअसल अमेरिका अगले साल अपनी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। इसी मौके को खास बनाने के लिए ट्रंप प्रशासन कई प्रतीकात्मक परियोजनाओं पर काम कर रहा है।250 डॉलर के स्मारक नोट के अलावा ट्रंप की तस्वीर वाला 24 कैरेट गोल्ड कॉइन जारी करने की भी चर्चा है। यदि ऐसा होता है तो डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकी इतिहास के उन चुनिंदा जीवित राष्ट्रपतियों में शामिल हो जाएंगे जिनकी तस्वीर किसी आधिकारिक स्मारक सिक्के पर दिखाई गई हो। इससे पहले साल 1926 में अमेरिका के 30वें राष्ट्रपति कैल्विन कूलिज को जॉर्ज वॉशिंगटन के साथ एक स्मारक सिक्के पर स्थान मिला था।
ट्रेजरी विभाग ने क्या कहा?
अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने बयान जारी कर कहा है कि प्रस्तावित कानून और संभावित प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए शुरुआती तैयारी की जा रही है। विभाग का कहना है कि यदि कांग्रेस से मंजूरी मिलती है तो अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह विशेष नोट जारी किया जा सकता है। अब पूरी दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या अमेरिका 160 साल पुराने नियम में बदलाव करेगा और क्या डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वास्तव में अमेरिकी करेंसी पर दिखाई देगी।
