पन्ना : मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में कुएं की खुदाई करते समय हादसे का शिकार होने के चलते 5 मजदूरों की दुखद मौत हो गई। सभी मजदूर सुबह करीब 11 बजे कुएं की खुदाई करने के लिए बीहर पुरवा ग्राम पहुंचे थे। जहां वो हादसे का शिकार हो गए। इधर, हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
10 दिनों से कुएं की खुदाई का चल रहा था काम
हादसा जिले के अजयगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा का है। जहां कुएं की खुदाई के दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले करीब 10 दिनों से 7 मजदूरों द्वारा कुएं की खुदाई का काम किया जा रहा है। इस दौरान आज यह हादसा हो गया।
कुएं की मिट्टी भरभराकर धंसी
जानकारी के मुताबिक खुदाई के दौरान दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए ही थे कि तभी अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर धंस गई और अंदर काम कर रहे 5 मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के चलते मौके पर जहां अफरा तफरी मच गई। तो वही पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए मृतक राजकुमार यादव का शव बाहर निकाल लिया है, जबकि बाकी 4 मजदूरों की तलाश जारी है।
पुलिस ने की मजदूरों की पहचान
पुलिस ने मिट्टी में दबे मजदूरों की पहचान चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव, चुनवाद पाल के रूप में की है। वही प्रशासन की टीमे द्वारा मशीनों के माध्यम से रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है।