दतिया : मध्य प्रदेश के दतिया में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जिला अस्पताल रोड, जिसे ठंडी सड़क के नाम से भी जाना जाता है। यहां स्थित लिटिल स्टार पब्लिक स्कूल में झंडा लगाने के दौरान 16 वर्षीय छात्र की करंट लगने से मौत हो गई।
करंट लगने से 11वीं कक्षा के छात्र की मौत
बताया जा रहा है कि स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के लिए स्कूल की छत पर झंडा लगाया जा रहा था। इसी दौरान कक्षा 11वीं में पढ़ने वाला छात्र राज कुशवाह लोहे के पाइप पर लगा राष्ट्रीय ध्वज लेकर उसे ऊपर उठा रहा था। तभी लोहे का पाइप स्कूल के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। जिससे छात्र को तेज करंट लगा और वो गंभीर रूप से झुलस गया।
छुट्टी के बाद छात्र को झंडा लगाने बुलाया गया था स्कूल
हादसे के बाद स्कूल स्टाफ छात्र को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि छुट्टी के बाद छात्र को झंडा लगाने के लिए स्कूल बुलाया गया था और हादसे के बाद उन्हें सूचना देने में भी देरी की गई।
परिवार में पसरा मातम
स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के दौरान हुए इस हादसे ने एक परिवार से उसका 16 वर्षीय बेटा छीन लिया। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरु कर दी है। वही घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।