MP board exam 2024:भोपाल। एमपी बोर्ड द्वारा आयोजित 12वीं की परीक्षा में कैमिस्ट्री के प्रश्नपत्र में एक- एक नंबर के दो प्रश्न कोर्स से बाहर से आए थे। स्टूडेंट्स को इनके 2 बोनस अंक दिए जाएंगे। इस संबंध में बोर्ड के सचिव ने मूल्यांकन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके अनुसार, तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों को बोनस अंक दिए जाएंगे। इसके अलावा गणित में चार प्रश्नों के आदर्श उत्तर में त्रुटि थी। जिन विद्यार्थियों ने अन्य विधि से इन प्रश्नों को सही हल किया होगा, उन्हें अंक दिए जाएंगे।
दरअसल, मूल्यांकन के पहले माशिमं की कमेटी द्वारा सभी प्रश्न-पत्रों की जांच की गई थी। इसमें कई प्रश्नों के आदर्श उत्तर में गलती निकली। कैमिस्ट्री के सेट ए के प्रश्न क्रमांक 5 के बिंदु क्रमांक 2 में 'तुल्यां की चालकता की इकाई' सवाल पाठ्यपुस्तक से बाहर का था। इसी प्रश्न में सेट बी, सी और डी के विद्यार्थियों को भी बोनस अंक मिलेंगे।
इन विषयों के मॉडल आंसर में मिली त्रुटि इसके साथ ही 12वीं गणित में चार प्रश्नों के मॉडल आंसर में त्रुटि पाई गई है। वहीं 12वीं के जीव विज्ञान, संस्कृत, अर्थशास्त्र, व्यवसाय अध्ययन, फसल उत्पाद एवं बागवानी, कृषि के लिए उपयोगी विज्ञान व उच्च गणित और 10वीं के गणित तथा अंग्रेजी विषय में मॉडल आंसर में त्रुटि सुधार कर मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए हैं।
8वीं के गणित के पेपर में भी बोनस अंक राज्य शिक्षा केंद्र (आरएसके) द्वारा बोर्ड पैटर्न पर आयोजित 8वीं गणित के पेपर में विद्यार्थियों को बोनस के पांच अंक मिलेंगे। वार्षिक परीक्षा में कक्षा-8 के गणित विषय के प्रश्नपत्र में एक प्रश्न को हल करने में ग्राफ पेपर का उपयोग किया जाना था, लेकिन बच्चों को ग्राफ पेपर प्रदान नहीं किया गया। छात्र द्वारा उस प्रश्न को हल करने पर उसे पूर्ण अंक प्रदान किए जाएंगे। यह प्रश्न पांच अंक का था।