अनिल शर्मा, डोंगरपुरा: पन्ना टाइगर रिजर्व के मडियादो वन परिक्षेत्र अंतर्गत बफर जोन से वन्यजीवों के आपसी द्वंद्व का एक बेहद रोमांचक और दुर्लभ वीडियो सामने आया है। डोंगरपुरा गांव के नजदीकी जंगल में दो जंगली भालू आपस में बुरी तरह भिड़ गए। एक पेड़ के नीचे दोनों भालुओं के बीच काफी देर तक जोरदार भिड़ंत होती रही, जिसे देख राहगीरों के रोंगटे खड़े हो गए।
चरवाहों ने मोबाइल में कैद किया लाइव मुकाबला
मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। शाम के समय जब स्थानीय चरवाहे और कुछ ग्रामीण जंगल के रास्ते से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर इन भालुओं पर पड़ी। वन्यजीवों की इस लाइव फाइट को ग्रामीणों ने फौरन अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। शनिवार सुबह होते ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
शोर मचाकर भालुओं को जंगल में खदेड़ा
भालुओं की आपसी लड़ाई को देख ग्रामीणों में कौतूहल तो था, लेकिन साथ ही आबादी क्षेत्र को लेकर सुरक्षा की चिंता भी थी। दोनों भालू लड़ते-लड़ते कहीं पास की रहवासी बस्ती या डोंगरपुरा गांव की तरफ न आ जाएं, इस आशंका के चलते वहां मौजूद लोगों ने एकजुट होकर थोड़ा शोर मचाना शुरू किया। ग्रामीणों की आवाजें और शोर सुनकर दोनों भालू वापस घने जंगल की ओर भाग गए, जिससे एक बड़ा खतरा टल गया।
मडियादो में बढ़ रहा वन्यजीवों का कुनबा
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि पन्ना टाइगर रिजर्व के मडियादो बफर जोन के जंगलों में पिछले कुछ समय से वन्यप्राणियों के अनुकूल वातावरण मिलने के कारण उनकी संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। यही वजह है कि आए दिन ग्रामीणों को इन रास्तों पर हिंसक और दुर्लभ वन्यजीव आसानी से नजर आ जाते हैं। विशेषकर मनकपुरा और चोरईया के जंगलों में भालुओं की अच्छी-खासी मौजूदगी दर्ज की गई है।
.png)