चंडीगढ़। हरियाणा के आईएएस ( भारतीय प्रशासनिक सेवा ) कैडर में एक और अधिकारी शामिल हो गए हैं। हालांकि इस अधिकारी का न तो हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस ) से और न ही गैर राज्य सिविल सेवा (नॉन-एससीएस ) कोटे से आईएएस में प्रमोशन या चयन हुआ है बल्कि 2015 बैच केे यह आईएएस अधिकारी जिसका नाम शांतनु शर्मा है, का हरियाणा कैडर की 2020 बैच की महिला आईएएस सी. जयशरधा से विवाह के कारण असम-मेघालय कैडर से हरियाणा कैडर में इंटर-कैडर ( एक प्रदेश कैडर से दूसरे प्रदेश कैडर में ) ट्रांसफर किया गया है। रविवार को हरियाणा सरकार (Haryana Government) द्वारा शांतनु को सोनीपत ज़िले का एडीसी ( अतिरिक्त उपायुक्त) और जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी तैनात किया गया है। करीब तीन माह पूर्व गत वर्ष 29 अक्टूबर 2021 को केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण् विभाग ( डीओपीटी ) द्वारा आईएएस कैडर नियमों, 1954 के अंतर्गत शांतनु के कैडर परिवर्तन के बारे नोटिफिकेशन जारी की गई थी जिसमें यह भी उल्लेख है कि इस प्रस्ताव पर असम, मेघालय और हरियाणा सरकारों द्वारा सहमति प्रदान की जा चुकी है। शांतनु मूल रूप से झारखंड के निवासी हैं जबकि जयशरधा तमिलनाडु से हैं जो वर्तमान में कुरुक्षेत्र में असिस्टेंट कमिश्रर ( अंडर ट्रेनिंग ) के तौर पर तैनात हैं। गत वर्ष 2021 में इसी प्रकार 2015 बैच की एक महिला आईएएस अधिकारी नेहा भी हरियाणा आईएएस कैडर में सम्मिलित हुई थी क्योंकि उनका हरियाणा कैडर के 2015 बैच के आईएएस राहुल हुड्डा से विवाह कारण गुजरात से हरियाणा में इंटर-कैडर ट्रांसफर किया गया था। अभी कुछ दिन पूर्व ही नेहा को सिरसा ज़िले में डिस्ट्रिक्ट म्युनिसिपल कमिश्नर तैनात किया गया। राहुल गत वर्ष नवंबर से सिरसा में एडीसी के पद पर तैनात हैं।