लोकेश चौहान, धार: अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन नगरी मांडू के विश्वप्रसिद्ध और ऐतिहासिक 'जहाज महल' परिसर में आज 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बेहद भव्य, दिव्य और ऊर्जावान अंदाज में मनाया गया। सदियों पुरानी पुरातात्विक धरोहर के बीच हज़ारों नागरिकों ने एक सुर में योग किया।
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस मुख्य जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर नरसिंह दास महाराज की गरिमामयी उपस्थिति एवं सानिध्य प्राप्त हुआ। इस दौरान कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राष्ट्र के नाम संदेश बेहद एकाग्रता के साथ सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में पूरे मानव समाज को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग सबको जोड़ता है। भारत में हम जानते हैं और देखते आये हैं कि योग मानव जीवन का चेतना के साथ, ऊर्जा के साथ प्रकाश भी है। संतुलन ही योग का आधार है। इस अवसर पर करोड़ो लोग योग से जुड़ रहे हैं और हमें योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। संदेश वाचन के बाद सामूहिक योगाभ्यास किया गया।
जहाज महल के इस भव्य आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता समाज के हर तबके की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध गणमान्य नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs), सामाजिक संगठनों, महिला मंडलों और योग सोसायटियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी संस्थाओं और नागरिकों ने मिलकर समाज को यह संदेश दिया कि योग किसी वर्ग या उम्र सीमा में बंधा नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में पिरोने और आरोग्यता प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर वर्षभर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
केंन्द्रीय मंत्री की अपील
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण भोपाल से नितिन श्रीवास्तव, अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. शिवकांत वाजपेई, सहायक अधीक्षण पुरातत्व अभियंता चितरंजन कुमार, संरक्षण सहायक मांडू प्रशांत पाटनकर और जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे और सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता की।
.png)