बालाघाट। जिले के उन किसानों के लिए राहत भरी खबर है, जो समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए निर्धारित समय सीमा में पंजीयन नहीं करा पाए थे। अब ऐसे किसानों को 4 नवंबर तक पंजीयन कराने का अतिरिक्त मौका प्रशासन द्वारा दिया गया है। INH 24X7 न्यूज़ द्वारा किसानों की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पंजीयन की तारीख को आगे बढ़ाने का आदेश जारी किया गया।
2500 किसान पंजीयन से रह गए थे वंचित
जानकारी के मुताबिक, जिले में करीब 2500 किसान पंजीयन से वंचित रह गए थे। विभाग ने जिला प्रशासन को पत्र जारी कर शेष किसानों का पंजीयन 4 नवंबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
किसानों के पास एग्रीस्टैक आईडी होना अनिवार्य
पंजीयन के लिए किसानों के पास एग्रीस्टैक आईडी होना अनिवार्य है। वहीं, बटाईदार श्रेणी के किसान सिकमी नामे की प्रति पंजीयन केंद्र प्रभारी को उपलब्ध कराकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
किसानों ने जताया आभार
हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि कुल 3658 किसानों के निर्धारित आंकड़े के बाद नए पंजीयन नहीं किए जाएंगे। तारीख बढ़ने से राहत मिलने पर किसानों ने INH 24X7 न्यूज़ का आभार जताया है।
आधार आधारित ई-केवाईसी अनिवार्य
खाद्य विभाग के निर्देशों के अनुसार, धान उपार्जन के लिए पंजीयन कराते समय आधार आधारित ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा। वहीं, दिव्यांग किसानों को पंजीयन के दौरान अपना दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।