बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बार फिर विवादों की चपेट में आ गए हैं। इस बार मामला ₹60 करोड़ की धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है, जिसमें दोनों के नाम सामने आए हैं।
मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच में दावा किया गया कि राज कुंद्रा ने करीब 10 साल पहले शिल्पा को ₹15 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रकम उस फर्जीवाड़े से जुड़ी बताई जा रही है, जिसकी जांच अभी जारी है।
शिल्पा शेट्टी ने किया साफ इनकार:
इन खबरों पर शिल्पा शेट्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। उनके वकील की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि "यह खबर पूरी तरह से गलत, भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण इरादे से फैलाई गई है। इसका मकसद सिर्फ मेरी मुवक्किल की छवि को नुकसान पहुंचाना है। हम इस साजिश के खिलाफ कानूनी कदम उठाएंगे।"
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिल्पा शेट्टी को राज कुंद्रा से ऐसा कोई फंड नहीं मिला और मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण ज्यादा जानकारी फिलहाल नहीं दी जा सकती।
शिल्पा लेंगी कानूनी रास्ता, करेंगी मानहानि का मुकदमा
शिल्पा शेट्टी अब इस मामले में मानहानि की शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में हैं। वकील ने कहा कि कई मीडिया संस्थानों ने बिना पुष्टि के यह खबरें चलाईं, जो उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रही हैं।
"हम उन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे, जो बिना तथ्य जांचे भ्रामक खबरें चला रहे हैं। शिल्पा जांच एजेंसियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रही हैं और आगे भी करती रहेंगी।"
क्या है पूरा विवाद?
जानकारी के अनुसार, मुंबई के एक व्यवसायी ने शिल्पा और राज के खिलाफ 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। राज कुंद्रा ने EOW के सामने बयान दिया है कि उन्होंने इस रकम का कुछ हिस्सा बिपाशा बसु, नेहा धूपिया और एकता कपूर को बतौर प्रोफेशनल फीस दिया था।