NEET पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन लगातार छठे दिन भी जारी रहा। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
जन्मदिन पर दिया इस्तीफे का संदेश
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के जन्मदिन के अवसर पर अभिजीत दीपके ने प्रतीकात्मक तरीके से उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इस्तीफा देने की अपील की। उन्होंने व्हाइटबोर्ड पर संदेश लिखकर एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि यह उनके जन्मदिन का "विशेष उपहार" है और उनसे इस्तीफा देने का आग्रह किया।
परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग
प्रदर्शनकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं। CJP का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होना आवश्यक है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
सोशल मीडिया कार्रवाई पर भी जताई नाराजगी
अभिजीत दीपके ने पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट को ब्लॉक किए जाने पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कार्रवाई के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी तंत्र गोपनीयता बनाए रखने का दावा करता है, तो प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र सुरक्षित क्यों नहीं रह सके। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई की मांग की।