नई दिल्ली। Padma Awards 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार 2026 प्रदान किए। इस समारोह में कुल 65 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिनमें 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 56 पद्मश्री पुरस्कार शामिल रहे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों, खिलाड़ियों, वैज्ञानिकों और समाजसेवियों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया। फिल्म, संगीत और खेल जगत की कई चर्चित हस्तियां पुरस्कार पाने वालों में शामिल रहीं।
ममूटी और अलका याग्निक को मिला पद्म भूषण
फिल्म और संगीत जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों को इस वर्ष पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी और मशहूर पार्श्व गायिका अलका याग्निक को उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से नवाजा गया।
आर माधवन, राजेंद्र प्रसाद और सतीश शाह को पद्मश्री
पद्मश्री सम्मान पाने वालों में अभिनेता आर माधवन, वरिष्ठ अभिनेता राजेंद्र प्रसाद, अभिनेता मगन्ति मुरली मोहन, लोक कलाकार गुरु संग्युसांग पोंगेनर और अनिल कुमार रस्तोगी शामिल रहे। दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान दिया गया। उनकी ओर से उनके भाई अरविंद शाह ने राष्ट्रपति से यह सम्मान ग्रहण किया।
रोहित शर्मा को मिला पद्मश्री सम्मान
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और टी20 विश्व कप विजेता रोहित शर्मा को भी पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। रोहित शर्मा पहले सम्मान समारोह में शामिल नहीं हो सके थे, जिसके बाद उन्हें दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के साथ रोहित शर्मा उन चुनिंदा भारतीय क्रिकेटरों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है।
सविता पुनिया के नाम एक और बड़ी उपलब्धि
भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया को उनके शानदार खेल करियर और देश के लिए योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान दिया गया। सविता ने 300 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और टोक्यो ओलंपिक 2020 में टीम के ऐतिहासिक प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी कप्तानी में भारत ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कांस्य पदक जीतने के अलावा एफआईएच नेशंस कप और लगातार दो महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब भी अपने नाम किए।
विजय अमृतराज को मिला पद्म भूषण
भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी विजय अमृतराज को उनके उत्कृष्ट खेल योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। अमृतराज ने भारत को दो बार डेविस कप फाइनल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इससे पहले उन्हें वर्ष 1983 में पद्मश्री सम्मान भी मिल चुका है।
131 पद्म पुरस्कारों को मिली मंजूरी
वर्ष 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी गई है। इनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री सम्मान शामिल हैं। दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में 65 पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया।देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान, सामाजिक सेवा और सार्वजनिक जीवन जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किए जाते हैं।